हिन्दू धर्म में अखंड सौभाग्य के लिए किया जाने वाला वट सावित्री व्रत न केवल हमारी परम्पराओं को सहेजता है बल्कि हमें अपने पर्यावरण को बचाने की भी सीख देता है।
कोरोना संकट का सामना कर रही दुनिया में स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। इन परेशानियों में पर्यावरण प्रदूषण ने न केवल समस्याओं को बढ़ाया है बल्कि उन्हें अंतहीन बीमारियों की ओर अग्रसर किया है। प्रदूषण से कमजोर हुए फेफड़ों पर कोरोना की दोहरी मार ने लोगों की प्रतिरोधक क्षमता पर सीधा प्रहार किया । ऐसे में सांस लेने में तकलीफ और शरीर में आक्सीजन की कमी जैसी मुश्किलों से लोग परेशान हो गए।
जानें वट सावित्री व्रत के बारे में
वट सावित्री व्रत उत्तर भारत के बिहार तथा उत्तर प्रदेश राज्य में अखंड सौभाग्य के लिए स्त्रियां करती हैं। यह व्रत ज्येष्ठ मास की अमावस्या के दिन मनाया जाता है। वट सावित्री के दिन सभी सुहागन महिलाएं बरगद के पेड़ की पूजा करती हैं। कोरोना संक्रमण के कारण स्त्रियां घर में बरगद के पेड़ की प्रतीक स्वरूप पूजा कर भगवान से अखंड सौभाग्य का आर्शीवाद मांगे।
वट सावित्री व्रत से जुड़ी पौराणिक कथा
वट सावित्री व्रत से जुड़ी एक कथा प्रचलित है। इस कथा के अनुसार सावित्री राजा अश्वपति की बेटी थी। राजा ने बहुत पूजा-पाठ करने के बाद सावित्री देवी की अनुकम्पा से पाया था। इसलिए राजा ने अपनी बेटी का नाम 'सावित्री ' रखा था। सावित्री बहुत सुंदर और गुणी थीं, लेकिन पिता की बहुत कोशिशों के बाद सावित्री को उनकी तरह गुणवान वर न मिल सका। अंत में हारकर राजा ने सावित्री को खुद वर की तलाश में भेज दिया। उसी समय सावित्री को सत्यवान मिलें और उन्होंने ने सत्यवान को वर के रूप में स्वीकार कर लिया। सत्यवान वैसे तो राजघराने के थे लेकिन परिस्थितयों ने उनका राज छीन लिया था और उनके माता-पिता अंधे हो गए थे।
सत्यवान व सावित्री की शादी से पहले ही नारद मुनि ने सावित्री को बता दिया था कि सत्यवान दीर्घायु नहीं बल्कि अल्पायु हैं, इसलिए सावित्री उनसे शादी न करे। लेकिन सावित्री ने देवर्षि नारद की बात न मानकर उनसे विवाह कर लिया और कहा नारी जीवन में एक बार ही पति का वरण करती है, बार-बार नहीं। इसलिए मैंने एक बार सत्यवान को वर मान लिया है तो मुझे उसके लिए मौत से भी लड़ना पड़े तो मैं हूं। जब सत्यवान की मौत का समय पास आया तो तीन दिन पहले ही सावित्री ने अन्न-जल छोड़ दिया। मौत वाले दिन सत्यवान जब जंगल में लकड़ी काटने गए तो सावित्री भी उनके साथ गयीं और जब यमराज उन्हें लेने आए तो सावित्री भी उनके साथ जाने लगीं। यह देखकर यमराज उन्हें समझाने लगें फिर भी वह वापस नहीं लौटीं। तब यमराज ने सावित्री से कहा कि तुम सत्यवान का जीवन छोड़कर कोई भी वर मांग सकती हो।
ऐसे में सावित्री ने अपने अंधे सास-ससुर की आंखे और ससुर का खोया हुआ राजपाट मांग लिया, लेकिन वापस नहीं लौटीं। सावित्री का पति के प्रेम देखकर यमराज द्रवित हो उठे और उन्होंने सावित्री से वर मांगने को कहा तो सावित्री ने सत्यवान के पुत्रों की मां बनने का वर मांगा। इसके बाद यमराज जैसे ही तथास्तु कहा वटवृक्ष के नीचे पड़ा हुआ सत्यवान का शरीर जीवित हो उठा। तब से अखंड सुहाग पाने के लिए इस व्रत की परंपरा शुरू हो गयी और इस व्रत में वटवृक्ष व यमदेव की पूजा की जाती है।
वट सावित्री व्रत के दिन स्त्रियां ऐसे करें पूजा
वट सावित्री व्रत चतुर्दशी से प्रारम्भ हो जाता है। व्रती को चतुर्दशी के दिन से ही तामसी भोजन छोड़ देना चाहिए। यही नहीं खाने में लहसुन और प्याज का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उसके बाद व्रत के दिन जल्दी उठे तथा गंगाजल युक्त पानी से स्नान करें। स्नान के बाद पवित्र वस्त्र पहनें, और श्रृंगार करें। अब श्रृंगार के बाद सबसे पहले सूर्य देव को जल का अर्घ्य दें। वट सावित्री और वट पूर्णिमा की पूजा वट वृक्ष के नीचे होती है। पूजा के दौरान एक बांस की टोकरी में सात तरह के अनाज तैयार रखें जिसे कपड़े के दो टुकड़ों से ढक दिया जाता है। एक दूसरी बांस की टोकरी में देवी सावित्री की प्रतिमा रखी जाती है। सब सामान लेकर स्त्रियां वट वृक्ष के पास जाकर कुमकुम तथा अक्षत चढ़ाती हैं। फिर सूत के धागे से वट वृक्ष को बांधकर उसके सात चक्कर लगाये जो हैं। उसके बाद वट सावित्री व्रत की कथा पढ़े और प्रसाद चढ़ाएं।
हिन्दू धर्म में वट वृक्ष का है खास महत्व
शास्त्रों में पीपल के पेड़ की तरह बरगद के पेड़ का भी खास महत्व है। पुराणों में ऐसा माना गया है कि वटवृक्ष में ब्रह्मा, विष्णु और शिव का वास होता है। इसलिए ऐसा माना जाता है कि इस पेड़ के नीचे बैठकर पूजा और कथा करने से सभी इच्छाएं पूरी होती हैं। यह पेड़ लम्बे समय तक बना रहता है, इसलिए इसे अक्षयवट भी कहा जाता है। यही नहीं बौद्ध धर्म के प्रवर्तक महात्मा बुद्ध को वट वृक्ष के नीचे ही ज्ञान प्राप्त हुआ था। साथ ही जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर ऋषभदेव ने भी वट वृक्ष के नीचे ही प्रार्थना की थी। बरगद का पेड़ न केवल आध्यात्मिक बल्कि वैज्ञानिक कारणों से भी बहुत महत्वपूर्ण है। यह हमारे आसपास मौजूद हानिकारक गैसों को नष्ट कर पर्यावरण को शुद्ध करता है और औषधीय जड़ी बूटियों के मुख्य स्रोतों में से एक है।
इसके अलावा वटवृक्ष कई तरह से खास है, सबसे पहले यह पेड़ अपनी विशालता के लिए जाना जाता है। वटवृक्ष पर्यावरण के लिए अच्छा होता है यह वातावरण को शीतलता व शुद्धता देता है और आध्यात्मिक नजरिए से भी यह फायदेमंद होता है। इसलिए वट सावित्री व्रत के रूप में वटवृक्ष की पूजा का यह परम्परा भारतीय संस्कृति की गरिमा का परिचायक है और इससे पेड़ों के महत्व का भी ज्ञान होता है।